राज्यहरियाणासोनीपत को मिलेगी आधुनिक बस स्टैंड की सौगात,...

सोनीपत को मिलेगी आधुनिक बस स्टैंड की सौगात, राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर 9.33 एकड़ भूमि में निर्माणाधीन बस स्टैंड का विधायक ने किया निरीक्षण

सोनीपत (राजेश आहूजा) सोनीपत के विकास को नई गति देने और शहरवासियों को आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने बजट सत्र में सोनीपत के बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की माँग रखी थी। इसको स्वीकार करते हुए सरकार ने नया बस स्टैंड बनाने की घोषणा की थी।

शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाट जोशी में बनने वाले नए बस स्टैंड के निर्माण कार्य का विधायक निखिल मदान ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। विधायक ने बताया कि यहां 15 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से इलेक्ट्रिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। कुल 9.33 एकड़ में बनने वाले बस स्टैंड में से 2.35 एकड़ में इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाने का कार्य शुरू किया गया है। इसके साथ ही बची हुई 7 एकड़ भूमि पर आधुनिक मुख्य बस स्टैंड के निर्माण की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। मुख्य बस स्टैंड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) परिवहन विभाग द्वारा तैयार की जा रही है और जल्द ही इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

विधायक निखिल मदान ने कहा कि सोनीपत की जनता ने विधानसभा चुनाव के दौरान जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना था, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने चुनाव के समय जनता से सोनीपत में आधुनिक बस स्टैंड बनवाने का वादा किया था, जिसे अब धरातल पर उतारने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।

विधायक निखिल मदान ने कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं से सोनीपत की तस्वीर बदलेंगी। विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाट जोशी में विकसित होने वाला इलेक्ट्रिक बस स्टैंड और प्रस्तावित मुख्य बस स्टैंड सोनीपत की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करने और भविष्य की परिवहन जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा बस स्टैंड पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सरकार और संबंधित विभागों के समन्वय से परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि सोनीपत के लोगों को आने वाले समय में बेहतर यातायात सुविधाओं का लाभ मिल सके।

निखिल मदान ने बताया कि इलेक्ट्रिक बस स्टैंड के निर्माण के साथ-साथ 7 एकड़ भूमि पर मुख्य बस स्टैंड बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है। परिवहन विभाग द्वारा इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए जल्द टेंडर जारी करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सोनीपत तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां की बढ़ती आबादी तथा यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए आधुनिक परिवहन ढांचे का निर्माण बेहद जरूरी है। नया बस स्टैंड शहर के विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी सुविधाजनक साबित होगा।

इस अवसर पर सोनीपत रोडवेज के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक बस स्टैंड में बसों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप ब्लॉक बनाया जाएगा। जिसमें तीन बस बेज बनाए जाएंगे। साथ ही दो मंजिला इमारत में महिलाओं के विश्राम कक्ष, लिफ्ट की सुविधा के साथ एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके साथ ही एक पम्प रूम और गार्ड रूम भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे बस स्टैंड परिसर की कॉलम बनाकर मजबूत सीमेंटेड और ईंटों से चार दिवारी की जाएगी। पूरे बस स्टैंड में सी सी से पार्किंग और फ्लोर बनाया जाएगा। इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग मशीनरी के ऊपर शेड लगाया जाएगा। बस स्टैंड परिसर में पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। पूरे बस स्टैंड परिसर में फुटपाथ विकसित किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी और बस स्टैंड परिसर में पेड़ पौधे लगाए जाएंगे। बस स्टैंड परिसर में पानी निकासी हेतु स्टॉर्म वाटर लाइन का प्रबंध किया जाएगा। सीवरेज की लाइन डाली जाएगी। इसके साथ ही बस स्टैंड कर्मचारियों और आम जनता के लिए कैंटीन और विश्रामशाला भी बनाए जाएंगे।। इसके साथ ही ईटीपी प्लांट और फायर टैंक की व्यवस्था भी की जाएगी। वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। पानी की आवश्यकता को पूरा करने के लिए एक नया ट्यूबवेल और सबमर्सिबल पंप भी लगाया जाएगा। पूरे बस स्टैंड परिसर में रोशनी की बेहतर व्यवस्था करने के लिए हाई मास्ट लाइट टावर लगाए जाएंगे। सुरक्षा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था की जाएगी।बसों की सफाई और धोने हेतु सीमेंटेड कंक्रीट से प्लेटफार्म बनाया जाएगा।

विधायक ने कहा कि सोनीपत की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जा रहा है। शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इलेक्ट्रिक बस स्टैंड का निर्माण और प्रस्तावित मुख्य बस स्टैंड परियोजना सोनीपत के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार से शहर की पहचान मजबूत होगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

विधायक निखिल मदान ने कहा कि सोनीपत को विकास के मामले में अग्रणी बनाने के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शहर में विकास कार्यों को गति दी जाती रहेगी। मौके पर जी एम रोडवेज संजय कुमार और एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -