सोनीपत, 24 अप्रैल (राजेश आहूजा)। नगर निगम सोनीपत के मेयर चुनाव को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजीव जैन ने भव्य नामांकन जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। पुरखास अड्डा स्थित कार्यालय से हवन-यज्ञ के साथ शुरू हुआ यह जुलूस गाजे-बाजे और समर्थकों के उत्साह के बीच शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ मिनी सचिवालय पहुंचा।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, स्वामी दयानंद सरस्वती जी महाराज, महामंडलेश्वर सीताराम, ब्रह्म कुमारी प्रमोद दीदी तथा ब्रह्म कुमारी अन्नू दीदी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। नामांकन जुलूस में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर राजीव जैन के समर्थन में नारे लगाए और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।
जुलूस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, विधायक निखिल मदान, विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक पवन खरखौदा, विधायक देवेंद्र कादियान, पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व सांसद रमेश कौशिक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इन सभी नेताओं की उपस्थिति में राजीव जैन ने रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
इस दौरान नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए सोनीपत की जनता से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है और आगामी चुनाव में “त्रिस्तरीय सरकार” का गठन कर विकास को और गति दी जाएगी।
राजीव जैन ने अपने संबोधन में कहा कि मेयर के रूप में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान उन्होंने सीमित समय में शहर के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने दोबारा अवसर दिया तो अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा और सोनीपत को एक आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।





