अनंतनाग में रेवाड़ी के सीआरपीएफ जवान की गोली लगने से मौत

रेवाड़ी, 09 मई (वेब वार्ता)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में तैनात रेवाड़ी के सीआरपीएफ जवान सतीश की गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव मामड़िया आसमपुर में शोक की लहर फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, पूरे गांव में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय कांस्टेबल सतीश की ड्यूटी अनंतनाग जिले की हिलर पोस्ट पर वीरवार शाम साढ़े छह बजे से साढ़े आठ बजे तक लगाई गई थी। इसी दौरान शाम करीब 7 बजकर 47 मिनट पर पोस्ट से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने देखा कि सतीश जमीन पर पड़े हुए थे और उनके सिर में गोली लगी हुई थी। उनकी इंसास राइफल भी पास में पड़ी मिली।

बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले ही सतीश ने अपने परिवार से फोन पर बातचीत की थी। शाम करीब सात बजे हुई इस बातचीत में उन्होंने घर पर सबकुछ ठीक होने की बात कही थी। परिवार को यह अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर बाद ऐसी दुखद खबर मिलने वाली है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी ही राइफल से अचानक गोली चलने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनंतनाग सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को रेवाड़ी लाया गया।

जवान की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles