-राजेश आहूजा
सोनीपत, 04 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच सोनीपत पहुंचे, जहां उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत वार्ड नंबर 8 से की। इसके बाद उन्होंने गांव राई में जनसभा को संबोधित किया और दिनभर में करीब दो दर्जन छोटी जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम रखा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वार्ड के पार्षद और मेयर को जनता का आशीर्वाद ही जीत दिलाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करें।
सीएम सैनी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि डेढ़ वर्ष पहले विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 63 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 163 पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि कम आय वाले परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और किसानों की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है। इसके अलावा युवाओं को बिना किसी सिफारिश या खर्च के करीब दो लाख नौकरियां दी गई हैं तथा लाडो लक्ष्मी योजना भी लागू की गई है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अन्य राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफलता दिखाई है।
जनसभा में मोहनलाल बड़ोली ने भी लोगों से भाजपा के मेयर और पार्षद उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के लिए भाजपा को समर्थन देना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को निकाय चुनावों के लिहाज से अहम माना जा रहा है, जहां पार्टी अपने जनाधार को मजबूत करने और मतदाताओं को साधने में जुटी हुई है।




