तेल अवीव, 04 मई (वेब वार्ता)। इजरायल ने अपनी वायु शक्ति को और मजबूत करने के लिए अमेरिका से उन्नत लड़ाकू विमानों के दो नए स्क्वाड्रन खरीदने का फैसला किया है। इस संबंध में रविवार को रक्षा मंत्रालय ने औपचारिक घोषणा की।
मंत्रालय के अनुसार, वरिष्ठ मंत्रियों की रक्षा सौदा समिति ने इस योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लॉकहीड मार्टिन से चौथा F-35I स्क्वाड्रन और बोइंग से दूसरा F-15IA स्क्वाड्रन खरीदा जाएगा। इस सौदे की कुल लागत अरबों डॉलर में बताई जा रही है।
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि ये नए विमान इजरायली वायुसेना की दीर्घकालिक क्षमता को मजबूत करेंगे और बदलते क्षेत्रीय खतरों का प्रभावी ढंग से सामना करने में मददगार साबित होंगे। मंत्रालय के महानिदेशक अमीर बाराम ने अमेरिका में तैनात मिशन को निर्देश दिया है कि वह अमेरिकी सरकार और सैन्य अधिकारियों के साथ मिलकर इस समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज करे।
नए विमानों के शामिल होने से आने वाले वर्षों में इजरायल की वायुसेना का बेड़ा काफी मजबूत हो जाएगा। F-35I विमानों की संख्या बढ़कर लगभग 100 तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि F-15IA विमानों की संख्या करीब 50 हो जाएगी। वर्तमान में इजरायल के पास 48 F-35I विमान मौजूद हैं, जो पहले दिए गए आदेश का हिस्सा थे।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में इजरायल ने 25 अतिरिक्त F-35 विमानों का ऑर्डर दिया था, जिनकी आपूर्ति 2028 से शुरू होने की संभावना है। वहीं, 2024 में 25 F-15IA विमानों का ऑर्डर दिया गया, जिनकी डिलीवरी 2031 से शुरू हो सकती है।
रक्षामंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि हालिया संघर्षों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की सुरक्षा में वायुसेना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अभी से रणनीतिक निवेश करना जरूरी है।
अधिकारियों के अनुसार, इजरायल न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि आने वाले दशक को ध्यान में रखते हुए अपनी सैन्य बढ़त बनाए रखने की दिशा में भी काम कर रहा है। इस बीच अमेरिका से हजारों टन सैन्य सामग्री भी इजरायल पहुंच चुकी है, जो दोनों देशों के मजबूत रणनीतिक संबंधों को दर्शाती है।




