राजनांदगांव में अवैध खाद कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 2300 बोरी खाद जब्त

- Advertisement -

राजनांदगांव, 15 मई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2300 बोरी खाद जब्त की है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम माड़ीतराई में हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने मौके पर मौजूद गोदाम को तत्काल सील कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर की गई। इसके तहत कृषि विभाग, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान गोदाम में भारी मात्रा में खाद का भंडारण पाया गया, जिसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे।

अधिकारियों के अनुसार जिले में इतनी बड़ी मात्रा में खाद जब्त होने का यह पहला मामला माना जा रहा है। प्रशासन अब खाद के परिवहन दस्तावेज, लाइसेंस और भंडारण से जुड़े अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि जिस परिसर में खाद का भंडारण मिला, वह कथित तौर पर ग्राम माड़ीतराई के सरपंच से जुड़े घर का बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके पर पूरे दिन ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

प्रशासनिक टीम ने गोदाम को अपने कब्जे में लेकर उसे सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खाद कारोबार पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

मामले को लेकर कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और आगामी कृषि सीजन को लेकर घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक मात्रा में खाद उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टर ने कहा कि कार्रवाई के दौरान एक स्थान से 2300 बोरी अवैध खाद का भंडारण मिला, जिसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। फिलहाल खाद को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खाद कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई और महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -