मुंबई, 15 मई (वेब वार्ता)। रितेश देशमुख की ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस, नेतृत्व और विरासत पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। खासतौर पर महाराष्ट्र में फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है। सिनेमाघरों में रिलीज के दो सप्ताह पूरे करने के बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है।
1 मई को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती दिन से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया था। ऐतिहासिक विषय, भव्य प्रस्तुति और कलाकारों की प्रभावशाली अदाकारी ने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर मजबूत स्थिति दिलाई है। फिल्म ने पहले दिन से लगातार करोड़ों में कमाई करते हुए खुद को व्यावसायिक रूप से सफल साबित कर दिया है।
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो ‘राजा शिवाजी’ ने पहले सप्ताह में 52.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं दूसरे सप्ताह में भी फिल्म ने स्थिर प्रदर्शन बनाए रखा। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार रिलीज के 14वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को फिल्म ने करीब 1.90 करोड़ रुपये की कमाई की।
इसके साथ ही दूसरे सप्ताह में फिल्म का कुल कारोबार 24.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। भारत में 14 दिनों के भीतर फिल्म की कुल कमाई अब 76.95 करोड़ रुपये हो चुकी है। फिल्म की लगातार मजबूत पकड़ को देखते हुए ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इसकी कमाई और तेज हो सकती है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि ‘राजा शिवाजी’ कब 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होगी। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए फिल्म को अभी करीब 23 करोड़ रुपये की और जरूरत है। माना जा रहा है कि तीसरे सप्ताहांत में दर्शकों की अच्छी संख्या मिलने पर फिल्म यह उपलब्धि हासिल कर सकती है।
फिल्म का निर्देशन स्वयं रितेश देशमुख ने किया है और उन्होंने इसमें छत्रपति शिवाजी महाराज की मुख्य भूमिका भी निभाई है। फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, जेनेलिया डिसूजा, बोमन ईरानी, भाग्यश्री और विद्या बालन जैसे कई चर्चित कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं। वहीं अभिनेता सलमान खान का कैमियो भी दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।




