ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी, युवक के खाते से 7.42 लाख रुपये उड़ाए

रायपुर, 22 अप्रैल (वेब वार्ता)। राजधानी रायपुर में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए ई-चालान के नाम पर एक युवक के बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। टिकरापारा थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के अनुसार, फर्जी संदेश और संदिग्ध फाइल के माध्यम से 7 लाख 42 हजार रुपये से अधिक की राशि पार कर दी गई।

शिकायतकर्ता पवित्र पाल ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे रोहित के मोबाइल पर 10 से 16 अप्रैल के बीच एक संदिग्ध फाइल भेजी गई थी। संदेश को ई-चालान से संबंधित बताकर भेजा गया था। जैसे ही फाइल को डाउनलोड किया गया, मोबाइल का नियंत्रण ठगों के हाथ में चला गया और कुछ ही मिनटों में बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली गई।

घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच साइबर शाखा को सौंप दी है। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, फाइल या संदेश को बिना पुष्टि के डाउनलोड न करें। ई-चालान या किसी भी सरकारी सूचना की जांच केवल आधिकारिक माध्यमों से ही करें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।

विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए डिजिटल सतर्कता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles