लखनऊ, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)। आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ 54 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि हार के लिए किसी एक कारण को जिम्मेदार ठहराना आसान नहीं है, हालांकि उन्होंने विरोधी टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रियांश आर्या ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 93 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा कूपर कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रन की शानदार पारी खेली। मार्कस स्टोइनिस ने 29 और शशांक सिंह ने 17 रन का योगदान दिया।
गेंदबाजी में लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने एक-एक विकेट लिया।
255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली। एडम मार्करम ने 42 और मिचेल मार्श ने 40 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
पंजाब किंग्स की ओर से गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने 2 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मैच के बाद ऋषभ पंत ने कहा कि टीम ने कुछ क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया, खासकर गेंदबाजी में, लेकिन बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि आयुष बदोनी को ओपनिंग भेजने का फैसला पहले से तय था, ताकि शीर्ष क्रम को खुलकर खेलने का मौका मिल सके।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने अपने मजबूत फॉर्म को बरकरार रखा, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को इस सीजन में चौथी हार का सामना करना पड़ा।



