लखनऊ, 24 मई (वेब वार्ता)। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने इंडियन प्रीमियर लीग में नया इतिहास रचते हुए पारी की पहली गेंद पर सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य को आउट कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा दिए गए 198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने अपनी पहली गेंद पर प्रियांश आर्य को शॉर्ट गेंद से चकमा दिया, जिसका कैच अर्जुन तेंदुलकर ने लपक लिया। प्रियांश आर्य बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
इस विकेट के साथ मोहम्मद शमी आईपीएल इतिहास में पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा छह विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड जोफ्रा आर्चर के नाम था, जिन्होंने पांच बार यह उपलब्धि हासिल की थी। इस सूची में ट्रेंट बोल्ट सहित कई अन्य गेंदबाज भी शामिल हैं, लेकिन शमी अब शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।
आईपीएल में पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने का रिकॉर्ड अब इस प्रकार है—
छह बार – मोहम्मद शमी
पांच बार – जोफ्रा आर्चर
तीन बार – ट्रेंट बोल्ट सहित अन्य गेंदबाज।
हालांकि व्यक्तिगत रिकॉर्ड के बावजूद मोहम्मद शमी के लिए आईपीएल 2026 का पूरा सत्र मिश्रित रहा है। उन्होंने अब तक 13 मुकाबलों में 12 विकेट लिए हैं, लेकिन नई गेंद से उनकी धार लगातार देखने को मिली है। जब-जब उन्होंने पारी का पहला ओवर फेंका, तब उनकी गेंदबाजी प्रभावशाली रही। इस सत्र में उन्होंने 13 बार पहला ओवर डालते हुए लगभग 7.23 की किफायती दर से रन दिए और पांच विकेट भी झटके।
टी20 क्रिकेट के व्यापक आंकड़ों की बात करें तो पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड शाहीन अफरीदी और ल्यूक वुड के नाम दर्ज है, जिन्होंने नौ-नौ बार यह कारनामा किया है। ऐसे में मोहम्मद शमी की यह उपलब्धि न केवल आईपीएल बल्कि टी20 क्रिकेट में उनकी नई गेंद से प्रभावी गेंदबाजी की क्षमता को भी रेखांकित करती है।




