फिन एलन के तूफानी शतक से कोलकाता की लगातार चौथी जीत

कोलकाता, 09 मई (वेब वार्ता)। कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। यह कोलकाता की लगातार चौथी जीत है, जिससे टीम ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है। इस मुकाबले के सबसे बड़े नायक फिन एलन रहे, जिन्होंने विस्फोटक शतक जड़कर टीम को आसान जीत दिलाई।

दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 142 रन बनाए थे। टीम की ओर से पथुम निसांका ने 50 रन और आशुतोष शर्मा ने 39 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। हालांकि टीम का कुल स्कोर बड़ा नहीं बन सका और गेंदबाज भी इसे बचाने में नाकाम रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 34 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी मैदान में उतरे फिन एलन ने 47 गेंदों में शतक पूरा कर इतिहास रच दिया। यह आईपीएल इतिहास में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे तेज शतक है।

फिन एलन ने अपनी नाबाद 100 रनों की पारी में 5 चौके और 10 छक्के लगाए। उन्होंने 80 रन केवल बाउंड्री के जरिए बनाए। खास बात यह रही कि एक समय वह 34 गेंदों में 53 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन बाद की 13 गेंदों में उन्होंने 47 रन जोड़कर मैच पूरी तरह एकतरफा कर दिया।

फिन एलन अब कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले केवल ब्रेंडन मैक्कुलम, वेंकटेश अय्यर और सुनील नरेन ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए थे।

कोलकाता की टीम के लिए यह जीत बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सीजन के शुरुआती छह मुकाबलों में जीत का खाता नहीं खोल पाने वाली टीम ने अब लगातार चार जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टीम के अब 10 मैचों में 9 अंक हो गए हैं और यदि वह अपने बाकी चार मुकाबले जीतती है तो बिना किसी अन्य टीम पर निर्भर हुए प्लेऑफ में जगह बना सकती है।

दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में केवल अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी कुछ हद तक प्रभाव छोड़ सके, जबकि बाकी गेंदबाजों की फिन एलन ने जमकर धुनाई की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles