नई दिल्ली, 26 अप्रैल (वेब वार्ता)। आईपीएल के मौजूदा सत्र में आधे से अधिक लीग मुकाबले पूरे हो चुके हैं, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी अब तक मैदान पर दिखाई नहीं दिए हैं। ऐसे में रविवार को होने वाले चेन्नई और गुजरात टाइटंस के मुकाबले से पहले प्रशंसकों के बीच उनकी वापसी को लेकर उत्सुकता चरम पर है। चेन्नई सुपर किंग्स अपना आठवां लीग मुकाबला घरेलू मैदान चेपॉक में खेलेगी।
चेन्नई की टीम ने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 103 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। उस मैच से पहले भी धोनी की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज थीं, लेकिन वह अंतिम एकादश में शामिल नहीं हुए। अब गुजरात के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले फिर वही सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार धोनी मैदान पर उतरेंगे।
चेन्नई के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने हाल ही में धोनी की फिटनेस को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि धोनी की वापसी विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ही होगी और वह केवल बल्लेबाजी की भूमिका में नहीं खेलेंगे। हसी के अनुसार, धोनी की पूरी तरह फिट होना टीम के लिए आवश्यक है और इसके लिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं।
हसी ने कहा था कि धोनी अच्छी प्रगति कर रहे हैं और जल्द ही मैदान पर वापसी की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि धोनी स्वयं जल्द से जल्द टीम में शामिल होने के लिए प्रयासरत हैं, क्योंकि प्रशंसक उन्हें फिर से खेलते देखने के लिए उत्साहित हैं।
इस बीच, चेन्नई फ्रेंचाइजी ने धोनी के अभ्यास का एक वीडियो भी साझा किया है, जिससे उनके फिटनेस स्तर में सुधार के संकेत मिलते हैं। हालांकि इससे पहले भी ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं, लेकिन अंतिम निर्णय टीम प्रबंधन और फिटनेस स्थिति पर निर्भर करेगा।
फिलहाल, गुजरात के खिलाफ होने वाले इस महत्वपूर्ण मुकाबले में धोनी के खेलने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या अनुभवी खिलाड़ी आज मैदान पर उतरते हैं या फिर प्रशंसकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।



