कानपुर। बर्रा निवासी 77 वर्षीय एक बुजुर्ग के लिए मछली का कांटा जी का जंजाल बन गया था, जिसे जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने सफल एंडोस्कोपिक प्रक्रिया के जरिए बाहर निकाल दिया। इस जटिल मामले में डॉक्टरों की सूझबूझ और आधुनिक तकनीक ने एक बार फिर मेडिकल कॉलेज की साख को मजबूत किया है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रो. संजय काला ने बताया कि 25 अक्टूबर को बुजुर्ग के गले में मछली का कांटा फंसा, जिसके बाद उन्हें निगलने में भारी परेशानी और असहजता होने लगी। उनके मार्गदर्शन में सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. डॉ. आर.के. जौहरी और उनकी टीम। इस जटिल चुनौती को अपनाते हुए बुजुर्ग के गले से मछली का फंसा कांटा निकाल दिया। मरीज की स्थिति अब बिल्कुल स्थिर और स्वस्थ।
परिजनों के अनुसार, इससे पहले इस कांटे को निकालने के लिए एंडोस्कोपी के जरिए कई प्रयास किए गए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगभग चार असफल प्रयासों के बाद जब कांटा अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ, तो मरीज को आगे के इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया था। इसके बाद परिजन उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज लेकर आए। मरीज की उम्र (77 वर्ष) और पहले हुए चार असफल प्रयासों को देखते हुए सर्जरी विभाग की टीम ने बेहद सावधानी बरतते हुए आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक का सहारा लिया। डॉक्टरों ने रैट टूथ फॉरेन बॉडी रिमूवल फॉरसेप की मदद से गले के ऊपरी हिस्से में गहराई तक फंसे कांटे को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। मेडिकल टीम की कुशलता का ही नतीजा रहा कि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में इस जटिल काम को अंजाम दे दिया। इस पूरे वाकये का एक दिलचस्प पहलू भी सामने आया। मरीज के परिजनों का दावा था कि उनका पूरा परिवार शुद्ध शाकाहारी है और बुजुर्ग ने भी पहले मछली या किसी भी मांसाहारी चीज के सेवन से साफ इनकार किया था। लेकिन जब गले से कांटा सफलतापूर्वक निकल गया, तो डॉक्टरों और परिजनों के सामने सच्चाई आ गई। बुजुर्ग ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में खुद ही कबूल किया कि अब तो चोरी पकड़ी गई।
मेडिकल कालेज के डाक्टरो ने 77 वर्षीय बुजुर्ग के गले से निकाला फंसा मछली का कांटा

- Advertisement -



