राष्ट्रीयशशि थरूर ने की मोदी की तारीफ, भाजपा...

शशि थरूर ने की मोदी की तारीफ, भाजपा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 20 जून (वेब वार्ता)। कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक पहल की सराहना किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय नाविकों की सुरक्षा के मुद्दे पर थरूर के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है, जबकि कांग्रेस पहले इस विषय पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर सवाल उठा चुकी थी।

जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बैठक के संदर्भ में शशि थरूर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक और निजी दोनों स्तरों पर भारत की चिंताओं को स्पष्ट रूप से रखा। उन्होंने कहा कि युद्ध या संघर्ष की परिस्थितियों में वाणिज्यिक जहाजों पर कार्यरत नागरिक नाविकों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए और यही संदेश प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति के समक्ष रखा।

शशि थरूर ने कहा कि भारत की चिंता केवल सामान्य सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न जहाजों पर कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि किसी जहाज पर संदेह हो तो उसे रोकने के अन्य तरीके अपनाए जा सकते हैं, लेकिन निर्दोष नागरिकों की जान नहीं जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस ने ओमान की खाड़ी में एक व्यापारिक पोत पर हुए अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत के मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाए थे। पार्टी का आरोप था कि प्रधानमंत्री ने इस संवेदनशील मुद्दे को सार्वजनिक रूप से पर्याप्त महत्व नहीं दिया और अमेरिका से जवाबदेही तय करने की मांग भी नहीं की।

हालांकि शशि थरूर के बयान के बाद भाजपा को कांग्रेस पर हमला करने का अवसर मिल गया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि थरूर के बयान ने कांग्रेस के आरोपों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि जब देशहित की बात आती है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजबूती से भारत का पक्ष रखते हैं, जबकि कांग्रेस नेतृत्व लगातार उनकी आलोचना करने में लगा रहता है।

भाजपा ने यह भी दावा किया कि शशि थरूर की टिप्पणी से कांग्रेस के भीतर विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर मतभेद उजागर हो गए हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री की कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक मंचों पर भारत के हितों की रक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सकारात्मक संदेश गया है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान लगभग 16 महीने बाद द्विपक्षीय बैठक हुई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य और खाड़ी क्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।

थरूर के बयान के बाद यह मुद्दा अब केवल विदेश नीति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि घरेलू राजनीति में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच नए सियासी टकराव का कारण बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -