राहुल गांधी ने पटना कांग्रेस कार्यालय तोड़फोड़ पर कहा- “संविधान की रक्षा की यात्रा जारी रखेंगे”

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार के पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई तोड़फोड़ पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि वह संविधान की रक्षा की अपनी यात्रा जारी रखेंगे। गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है – हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।”

कांग्रेस महासचिव ने भाजपा पर लगाए आरोप

कांग्रेस महासचिव संगठन के. सी. वेणुगोपाल ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा ने मतदाता अधिकार यात्रा की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाकर हिंसा का रास्ता अपनाया है। उन्होंने आरोप लगाया, “बिहार में पटना के सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय पर राज्य सरकार के एक कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेताओं के नेतृत्व में हमला किया गया। यह एक कायरतापूर्ण कृत्य है और ऐसे हमले हमें वोट चोरी का पर्दाफाश करने से नहीं रोक सकते।”

लोकतंत्र पर खतरे की चेतावनी

वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा को अपने पतन और बिहार की जनता के आक्रोश का आभास हो गया है, जिसके कारण वह हिंसा पर उतर आई है। उन्होंने जोर देकर कहा, “लोकतंत्र में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। भाजपा की यह बर्बरता उसके असली चाल और चरित्र को उजागर करती है। हम सभी लोकतंत्र प्रेमियों से इसकी निंदा करने और एकजुट होकर विरोध करने का आह्वान करते हैं।”

गिरफ्तारी की मांग

कांग्रेस ने बिहार पुलिस से मांग की है कि इस घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और हमले का नेतृत्व करने वाले मंत्रियों एवं भाजपा नेताओं को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। पार्टी ने कहा कि ऐसी राजनीतिक गुंडागर्दी लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए एक गंभीर खतरा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles