अंतर्राष्ट्रीयभारतीयों पर नस्लीय टिप्पणियों पर बोले मार्को रुबियो,...

भारतीयों पर नस्लीय टिप्पणियों पर बोले मार्को रुबियो, कहा- हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं

नई दिल्ली, 24 मई (वेब वार्ता)। अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ कथित नस्लीय टिप्पणियों को लेकर उठे सवालों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बड़ा बयान दिया है। नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया के हर देश में ऐसे लोग होते हैं जो बेवकूफी भरी बातें करते हैं और ऐसी टिप्पणियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जब मार्को रुबियो से अमेरिका में भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ कथित नस्लीय टिप्पणियों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने पहले यह जानना चाहा कि ऐसी टिप्पणियां किसने की हैं। पत्रकार द्वारा यह कहे जाने पर कि ऐसे संदेशों और टिप्पणियों को सार्वजनिक समर्थन भी मिला है, रुबियो ने प्रतिक्रिया दी।

मार्को रुबियो ने कहा, “मैं इस विषय को बहुत गंभीरता से लूंगा। मुझे यकीन है कि कुछ लोगों ने ऑनलाइन और अन्य स्थानों पर ऐसी बातें कही होंगी, क्योंकि दुनिया के हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं। यहां भी ऐसे लोग होंगे और अमेरिका में भी ऐसे लोग हैं जो हर समय बेवकूफी भरी टिप्पणियां करते रहते हैं।”

उन्होंने अमेरिका का बचाव करते हुए कहा कि उनका देश दुनिया भर से आए लोगों के योगदान से मजबूत हुआ है। रुबियो के अनुसार अमेरिका एक स्वागत करने वाला देश है, जहां विभिन्न देशों से आए लोग अमेरिकी समाज में शामिल होकर आर्थिक और सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।

भारतीय समुदाय के योगदान का उल्लेख करते हुए मार्को रुबियो ने कहा कि भारतीयों और भारतीय कंपनियों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अमेरिका चाहता है कि यह सहयोग आगे भी बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय ने आर्थिक विकास और नवाचार में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका में प्रवासन और वीजा नियमों को लेकर बहस तेज है। संवाददाता सम्मेलन में वीजा व्यवस्था और प्रवास नीति से जुड़े मुद्दे भी उठे। इस दौरान डॉ. एस. जयशंकर ने वैध यात्रियों और पेशेवरों को वीजा जारी करने में आने वाली चुनौतियों का मुद्दा भी अमेरिकी पक्ष के सामने रखा।

मार्को रुबियो इन दिनों भारत दौरे पर हैं और इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, सामरिक सहयोग तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई है। उन्होंने भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण सामरिक साझेदार बताते हुए दोनों देशों के साझा हितों और सहयोग पर भी जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -