27 साल बाद भाजपा ने फिर संभाली दिल्ली की बागडोर

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। श्रीमती रेखा गुप्ता के दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र दिल्ली की सरकार की कमान आज पुन: संभाल ली।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उप मुख्यमंत्रियों एवं अन्य नेताओं की मौजूदगी में उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में श्रीमती रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी।

उपराज्यपाल ने इसके साथ ही सर्वश्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविन्द्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलायी।

रामलीला मैदान पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भारी भीड़ से भरा हुआ था। मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही जनसमुदाय में हर्ष की लहर दौड़ गयी। उन्होंने जयश्रीराम के नारे लगाये।

शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों ने आगे आकर जनसमुदाय का हाथ जोड़ कर अभिनंदन किया और सामूहिक तस्वीर भी खिंचवायी। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने किया।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी एवं भाजपा की दूसरी महिला मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली में वर्ष 1998 में श्रीमती सुषमा स्वराज ने दिल्ली एवं भाजपा की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में काम किया था। इसके बाद कांग्रेस की श्रीमती शीला दीक्षित और आम आदमी पार्टी की आतिशी मार्लेना सिंह दूसरी एवं तीसरी महिला मुख्यमंत्री रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles