मुंबई, 8 जुलाई (वेब वार्ता)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। हालांकि समय रहते विमान चालक दल और हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र की सतर्कता के कारण संभावित दुर्घटना टल गई। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे हुई। सिलिगुड़ी से आया एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से बाहर निकल ही रहा था, तभी दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान उसी रनवे से उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र के निर्देश पर एअर इंडिया के विमान चालक दल ने तत्काल उड़ान भरने की प्रक्रिया रोक दी।
समय रहते रोकी गई उड़ान
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र के निर्देश मिलते ही विमान की उड़ान प्रक्रिया तत्काल रोक दी गई और विमान को वापस पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया। विमान की मानक सुरक्षा प्रक्रिया के अनुसार तकनीकी जांच की जाएगी। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।
यात्रियों की संख्या का खुलासा नहीं
फिलहाल दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। विमानन अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एअर इंडिया ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में शामिल किया जाएगा।
देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल
मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा माना जाता है। यहां सामान्य दिनों में प्रतिदिन 950 से अधिक उड़ानों का संचालन होता है, जबकि व्यस्त दिनों में यह संख्या एक हजार से भी अधिक पहुंच जाती है।
हवाई अड्डे पर दो रनवे मौजूद हैं, लेकिन दोनों एक-दूसरे को काटते हैं। इसी कारण सामान्य परिस्थितियों में दोनों रनवे पर एक साथ स्वतंत्र संचालन संभव नहीं होता और अधिकांश समय एक ही रनवे की तरह संचालन किया जाता है।
हवाई यातायात नियंत्रण की अहम भूमिका
हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र प्रत्येक उड़ान की टेकऑफ और लैंडिंग का समय अत्यंत सावधानी से निर्धारित करता है। रनवे, टैक्सी मार्ग और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाती है। किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में उड़ान रोकने अथवा विमान को दोबारा चक्कर लगाने के निर्देश दिए जाते हैं।
पिछले महीने भी सामने आई थी ऐसी घटना
इससे पहले जून में अहमदाबाद हवाई अड्डे पर भी एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमान एक ही टैक्सी मार्ग पर आमने-सामने आ गए थे। हालांकि उस समय भी समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया था और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ था।




