नई दिल्ली, 8 जुलाई (वेब वार्ता)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। सुबह से आसमान पर घने बादल छाए रहे और दोपहर तक कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं। मानसून की सक्रियता के चलते लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव और यातायात जाम ने आमजन की परेशानी भी बढ़ा दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रात तक दक्षिण-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, मध्य, उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी, पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली के लिए वर्षा और आंधी-तूफान का चेतावनी संदेश जारी किया। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा, तेज हवाएं तथा बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के बाद राजधानी के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत तथा न्यूनतम 53 प्रतिशत दर्ज की गई। सफदरजंग मौसम केंद्र में 11.9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया।
अगले दो दिन वर्षा की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 13 जुलाई तक दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 8 और 9 जुलाई को तेज हवाएं, गरज-चमक तथा कुछ क्षेत्रों में मध्यम वर्षा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
11 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 और 11 जुलाई को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और दोपहर के समय हल्की वर्षा, तेज हवाएं तथा गरज-चमक की संभावना रहेगी। 12 और 13 जुलाई को भी मौसम में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित
बारिश के कारण राजधानी के अनेक क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भारी यातायात जाम का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज वर्षा (शाम 5:30 बजे तक)
दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा का स्तर भी अलग-अलग रहा। नजफगढ़ में 76 मिलीमीटर, रिज में 50.1 मिलीमीटर, पूसा में 41.5 मिलीमीटर, छतरपुर में 41.5 मिलीमीटर, आया नगर में 32.6 मिलीमीटर, नारायणा में 22 मिलीमीटर, मयूर विहार में 19 मिलीमीटर, जनकपुरी में 18 मिलीमीटर, पालम में 15.4 मिलीमीटर, लोदी रोड में 13.2 मिलीमीटर, प्रगति मैदान में 10 मिलीमीटर, झरोदा कलां में 10 मिलीमीटर, जाफरपुर में लगभग 14 मिलीमीटर, महरौली में 9 मिलीमीटर तथा पीतमपुरा में 0.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।




