नई दिल्ली, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त संदेश दिया। मेट्रो फेज 4 परियोजना से लेकर आजादपुर मंडी और आसपास के बाजारों का जायजा लेते हुए उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति और गंदगी पर नाराजगी जताई तथा संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री अचानक मेट्रो फेज 4 के निर्माण स्थल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल निगम और लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पारदर्शिता के साथ काम करते हुए आम जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद मुख्यमंत्री आजादपुर मंडी और गुप्ता मार्केट क्षेत्र में पहुंचीं, जहां उन्हें कई स्थानों पर कूड़ा और गंदगी देखने को मिली। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्लीवासियों को बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उपेक्षित क्षेत्रों में भी अब तेजी से विकास कार्य शुरू किए गए हैं और इन्हें तय समय में पूरा करने के लिए सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री का रुख स्पष्ट रहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुविधा से जुड़ी परियोजनाओं में देरी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



