अंतर्राष्ट्रीयकनाडा के सालाना पत्रकार रात्रिभोज में कार्नी का...

कनाडा के सालाना पत्रकार रात्रिभोज में कार्नी का हास्य अंदाज, ट्रंप के हमशक्ल ने भी जमाया रंग

ओटावा, 23 नवंबर (वेब वार्ता)। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस सप्ताहांत पत्रकारों के साथ आयोजित एक वार्षिक रात्रिभोज में हास्य कलाकारों के साथ मंच साझा किया और इस दौरान एक कलाकार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नकल करते हुए पहुंचा, जबकि दूसरे ने खुद कार्नी का रूप धारण किया।

इन कलाकारों के साथ मिलकर कार्नी ने ट्रंप और कनाडा के नेताओं पर हास्यपूर्ण तंज कसे।

शनिवार को कार्नी ने कहा, ‘‘मैं आपातकालीन हास्य बटन दबा रहा हूं।’’ इसके बाद हास्य कलाकार मार्क मैकिनी मंच पर आए और उन्होंने कार्नी का रूप धारण किया। फिर मार्क क्रिच ट्रंप की नकल करते हुए मंच पर पहुंचे।

क्रिच ने ट्रंप के खास अंदाज में जोरदार तरीके से हाथ मिलाने की नकल की और मंच पर कार्नी तथा मैकिनी से हाथ मिलाया।

कार्नी ने ट्रंप द्वारा ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय) के भव्य नवीनीकरण पर भी व्यंग्य किया।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां बैठे लोगों को हंसाना आसान नहीं है और मैं ओवल ऑफिस भी जा चुका हूं। अकेले… वहां के नए इंटीरियर डिजाइनर के साथ।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस में दोबारा लौटने के बाद से ट्रंप ने ओवल ऑफिस को सुनहरे रंग की सजावट, सोने की परत चढ़े अलंकरणों और चित्रों से सजाया है।

कनाडा में आयोजित होने वाला वार्षिक संसदीय प्रेस गैलरी रात्रिभोज वाशिंगटन के राजनीतिक व्यंग्य समारोह जैसा है, जहां नेता और पत्रकार एक-दूसरे पर चुटकुले कसते हैं और तंज करते हैं।

कनाडा के कंजर्वेटिव विपक्ष के नेता पियरे पोइलिव्रे ने पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और अमेरिकी पॉप स्टार कैटी पेरी के रिश्ते पर निशाना साधा। उन्होंने मजाक में कहा कि ट्रूडो एक ‘‘ढलती लोकप्रियता वाली पॉप राजकुमारी’’ के साथ वही कर रहे हैं, जो उन्होंने अपने दस साल के कार्यकाल में कनाडा के साथ किया था।

इस टिप्पणी की सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। लोगों ने इसे पेरी के प्रति लैंगिक भेदभावपूर्ण और अपमानजनक बताया।

कनाडा की गवर्नर जनरल लुईस आर्बर ने भी कार्नी की लगातार विदेश यात्राओं पर तंज कसा। आर्बर उच्चतम न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश हैं और कनाडा के राष्ट्राध्यक्ष के रूप में ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय का प्रतिनिधित्व करती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप जानते हैं कि ईश्वर और मार्क कार्नी में क्या अंतर है? ईश्वर हर जगह मौजूद हैं, जबकि मार्क कार्नी हर जगह मौजूद हैं- सिवाय ओटावा के, जहां उन्हें होना चाहिए।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -