मुंबई, 23 अक्टूबर (वेब वार्ता)। रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में कारोबार करता हुआ तीन पैसे चढ़कर 94.78 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पूंजी की निकासी से घरेलू मुद्रा की बढ़त सीमित रही।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक स्तर पर डॉलर की मजबूती और ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों के 113 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बने रहने सहित लगातार बनी व्यापक आर्थिक चुनौतियों के कारण रुपये पर दबाव है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.78 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया बृहस्पतिवार को 94.81 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.64 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.42 प्रतिशत बढ़कर 113.65 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 343.48 अंक चढ़कर 73,592.87 अंक पर जबकि निफ्टी 41.65 अंक की बढ़त के साथ 22,729.30 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 3,458.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।




