कारोबारभारत में कारोबार का माहौल स्थिर और भरोसेमंद:...

भारत में कारोबार का माहौल स्थिर और भरोसेमंद: गोयल

बर्लिन, 23 अक्टूबर (वेब वार्ता)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को वैश्विक निवेशकों को भरोसा दिलाया कि भारत में कारोबार के लिए स्थिर और भरोसेमंद माहौल है। उन्होंने कहा कि भारत में निवेश करने, काम करने और कारोबार बढ़ाने वालों को अन्य देशों जैसी अनिश्चितता का सामना नहीं करना पड़ता।

यहां बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में उन्होंने कहा कि आज दुनिया बंटी हुई है और भरोसा एक दुर्लभ चीज बन गया है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत सभी निवेशकों, कारोबारियों और व्यापारियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां मौजूद और अन्य सभी लोगों को भरोसा दिला सकता हूं कि भारत में निवेश करने, काम करने और कारोबार बढ़ाने के साथ-साथ बड़े कारोबारी समूह खड़े करने वालों के साथ ऐसा नहीं होगा कि वे एक दिन अचानक गायब हो जाएं और फिर जापान के किसी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में सामने आएं।’’

मंत्री ने किसी का नाम नहीं लिया। हालांकि, उनकी यह टिप्पणी अलीबाबा के सह-संस्थापक जैक मा के संदर्भ में थी। खबरों के मुताबिक, चीन के वित्तीय नियामकों की आलोचना करने के बाद जैक मा 2020 में कई महीनों तक सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे। बाद में उन्हें तोक्यो विश्वविद्यालय से संबद्ध तोक्यो कॉलेज में अतिथि प्रोफेसर नियुक्त किया गया था।

गोयल ने यह भी कहा कि भारत ने 38 देशों के साथ नौ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) को अंतिम रूप दिया है। इन देशों की संयुक्त अर्थव्यवस्था का आकार 60,000 अरब डॉलर से अधिक है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भी भारत ने सिंगापुर समेत कुछ देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए थे। हालांकि, उन सभी समझौतों के दायरे में आने वाले देशों की संयुक्त अर्थव्यवस्था का आकार 10,000 अरब डॉलर था।

भारत कनाडा, इजराइल, खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी), मेक्सिको, दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ (एसएसीयू), ब्राजील के नेतृत्व वाले मर्कोसुर और रूस के नेतृत्व वाले यूरेशिया सहित कई देशों और समूहों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -