Tuesday, January 27, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया

सोनीपत, रजनीकांत चौधरी (वेब वार्ता)। नगर निगम सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान ने कहा कि आज नगर निगम सोनीपत में भ्रष्टाचार का मामला किसी से छिपा नहीं है। सोनीपत की जनता को हर दिन भ्रष्टाचार से दो-चार होना पड़ता है। नगर निगम सोनीपत की जनता इस चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रही थी, क्योंकि अब ठीक समय आ गया है जब सोनीपत की जनता हाथ के निशान का बटन दबाकर वोट की चोट से भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करने का काम करेगी। इसकी गूंज सोनीपत ही नहीं बल्कि चंडीगढ तक पहुंचेगी। नगर निगम सोनीपत से कांग्रेस पार्टी के मेयर प्रत्याशी कमल दीवान जनसंपर्क अभियान के दौरान राज मोहल्ला गुरूद्वारा, वैक्सन कालोनी, अनाज मंडी, मॉडल टाऊन, जिला बार एसोसिएशन, राजीव नगर, गोविंद नगर, रूप नगर, सुभाष चौक,कच्चे क्वार्टर सहित अन्य स्थानों पर क्षेत्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मेयर प्रत्याशी कमल दीवान सुबह रेलवे स्टेशन सोनीपत पहुंचे। यहां पर उन्होंने दैनिक रेल यात्रियों की समस्याएं सुनी व मतदान की अपील की। इस दौरान उनके साथ सोनीपत से पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार भी मौजूद रहे।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी कमल दीवान ने कहा कि नगर निगम सोनीपत की जनता के आशीर्वाद से मेयर बनते ही सबसे पहला कदम सोनीपत नगर निगम में भ्रष्टाचार का सफाया करना होगा। उन्होंने कहा कि आज यदि किसी कार्य में सुधार भी करवाना हो तो सबसे पहले भ्रष्टाचार से गुजरना पड़ता है, इस दीमक से सोनीपत की जनता परेशान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जहां भी प्रचार के लिए वह जाते है क्षेत्रवासी भ्रष्टाचार व समस्याओं से जूझते नजर आते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा विकास कार्यों पर फोकस रखा है, कभी भी किसी क्षेत्र या व्यक्ति विशेष के साथ भेदभाव नहीं किया। लेकिन आज नगर निगम सोनीपत के साथ भाजपा अनदेखी कर रही है। निगम क्षेत्र में विकास के लिए सदन की बैठक रखनी होती है, लेकिन वह बैठक भी निधार्रित समय में नहीं हो पाती। इससे अंदाजा लगा सकते है कि भाजपा सरकार सोनीपत क्षेत्र का कितना ध्यान रखती है। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई कर्मचारियों को धरने-प्रदर्शन करने पड़ रहे है, इससे अधिक कर्मचारियों के साथ तानाशाही क्या हो सकती है। शहर में अनेकों स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हुए है, सड़के खस्ता हालत में है, पेयजल की आपूर्ति समयबद्ध नहीं हो रही, सीवरेज लाइन ब्लॉक रहती है। नगर निगम की नई बिल्डिंग अभी तक तैयार नहीं हुई है। कमल दीवान ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से मेयर बनते ही शहर की मुख्य सड़कों, मुख्य गलियों, सभी कालोनियों की गलियों को पक्का करवाया जाएगा। शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए नई लाइन दबावाई जाएगी। सीवरेज ब्लॉकेज की समस्या का स्थाई समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करने के लिए मेयर चुनाव लड़ने की ठानी है, जिसे जनता के आशीर्वाद से ही पूरा किया जा सकता है। जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों ने कमल दीवान का फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया और 2 मार्च को हाथ के निशान का बटन दबाकर उन्हें भारी बहुमत से विजयी करवाने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, प्रदीप गौतम, कबीरपुर के पूर्व सरपंच कृष्ण लड़वाल अनुज छाबड़ा, मनोज रिढाऊ, सरदार इंद्रपाल, पार्षद बिजेंद्र मलिक, पार्षद सूर्या दहिया प्रेम रेलन, रवि कपूर, प्रेम नारायण गुप्ता, संजय, बिन्नी भारद्वाज, डॉ राकेश, रणधीर, दयानंद बाल्मीकि, रणदीप, कुलदीप, प्रवीन कुमार, राकेश सहित बड़ी तादाद में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img