अमृतसर को निर्वासन केंद्र न बनाएं : भगवंत मान

- Advertisement -

चंडीगढ़, (वेब वार्ता)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर हवाई अड्डे पर ‘अवैध भारतीय प्रवासियों’ को लेकर आए अमेरिकी विमानों के उतरने को लेकर केंद्र पर हमला तेज करते हुए शनिवार को कहा कि इस पवित्र शहर को ‘निर्वासन केंद्र’ न बनाया जाए।

अमेरिका से 119 निर्वासित भारतीयों को लेकर दूसरा विमान शनिवार रात को अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरेगा।

पांच फरवरी को 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा। इनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से थे, जबकि 30 पंजाब से थे।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को अमृतसर हवाई अड्डे का दौरा किया और कहा कि उनकी सरकार ने निर्वासितों के दूसरे जत्थे में शामिल पंजाब के लोगों को उनके गृहनगर ले जाने की व्यवस्था की है।

मान ने कहा कि अन्य राज्यों से आये निर्वासित लोग रविवार सुबह एक उड़ान से अमृतसर से दिल्ली पहुंचेंगे और फिर उन्हें उनके संबंधित स्थानों पर ले जाया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अमेरिका से निर्वासितों को लेकर दूसरे विमान के शनिवार रात करीब 10 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है।

मान ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे पवित्र शहर (अमृतसर) को निर्वासन केंद्र मत बनाओ।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कई हवाई अड्डे हैं और विमान को उनमें से किसी पर भी उतारा जा सकता है।

यह पूछे जाने पर कि क्या निर्वासित लोगों का दूसरा जत्था भी बेड़ियों में होगा, उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

मान ने कहा कि केंद्र को अवैध रूप से निर्वासित भारतीयों को लाने के लिए अपना विमान भेजना चाहिए था।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन द्वारा अवैध प्रवास पर कार्रवाई के वादे के तहत अमेरिका से निकाले जा रहे 119 भारतीयों के दूसरे जत्थे में से 100 लोग अकेले पंजाब और हरियाणा से हैं।

इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘‘अवैध’’ भारतीय प्रवासियों को लेकर एक और विमान के अमृतसर हवाई अड्डे पर आने की संभावना पर शुक्रवार को सवाल उठाया। मान ने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया।

मान ने शुक्रवार शाम अमृतसर में पत्रकारों से कहा, ‘‘भाजपा नीत केंद्र सरकार हमेशा पंजाब के साथ भेदभाव करती है। वह राज्य को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक साजिश के तहत वे पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

मान ने केंद्र से यह भी पूछा कि दूसरे विमान को उतारने के लिए अमृतसर हवाई अड्डे को किस मानदंड के तहत चुना गया।

उन्होंने कहा, ‘‘अमृतसर को चुनने का मानदंड क्या है? केंद्र और विदेश मंत्रालय को मुझे बताना चाहिए। आपने राष्ट्रीय राजधानी के बजाय अमृतसर को क्यों चुना? आपने पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने के लिए ऐसा किया।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को मान पर पलटवार करते हुए उन पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img