देवरिया, 18 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एसएन सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के बयान पर पलटवार करते हुए उनको मथुरा में कारसेवा करने की चुनौती दी है।
प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंह ने बुधवार को यहां प्रेस वार्ता में कहा कि प्रमोद तिवारी को याद दिलाना जरूरी है कि बाबर और बाबरी मामले में कांग्रेस का रुख सभी को पता है। उन्होंने कहा कि बाबर के पक्ष में वकील खड़ा करने वाले भी कांग्रेस से जुड़े लोग थे। चार भाजपा सरकारों को गिराने में भी कांग्रेस की भूमिका रही। उन्होंने कहा कि राम को काल्पनिक बताने वाले भी कांग्रेस के ही लोग थे। उन्होंने कहा कि हम पहले भी राम के थे, आज भी राम के हैं और आगे भी राम के रहेंगे। लेकिन जो चुनाव के समय ही हिंदू होने का दावा करते हैं।उनका चरित्र सामने लाना जरूरी था।
श्री सिंह ने प्रमोद तिवारी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे एक बार मथुरा में कारसेवा की घोषणा करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह कारसेवा करके अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। क्या कांग्रेस मथुरा में कारसेवा के लिए तैयार है? उन्होंने कहा कि भाजपा राम के मुद्दे पर पहले से ही स्पष्ट है। जबकि कांग्रेस का रुख चुनाव के समय बदल जाता है।
गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने एक न्यूज एजेंसी को दिये गये बयान में आरोप लगाया था कि भाजपा भगवान की भक्त नहीं है। उन्होंने कहा था कि यह राम-कृष्ण की पुजारी नहीं, बल्कि उनका राजनीतिक उपयोग करती है। उन्होंने कहा था कि भाजपा ने राधे-राधे, कमल खिला दे का नारा दिया है।लेकिन उनकी पूजा-अर्चना स्वीकार नहीं होगी। इस नारे से भाजपा का चाल-चरित्र और चेहरा सामने आ गया।
भाजपा प्रवक्ता एसएन सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी को मथुरा में कारसेवा की चुनौती दी

- Advertisement -



