कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर कांग्रेसियों ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
सोनीपत (राजेश आहूजा) जिला कांग्रेस कमेटी, सोनीपत की ओर से बृहस्पतिवार को भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं ‘आयरन लेडी’ स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती बड़े ही श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाई गई। सुभाष चौक स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित इस विशेष पुष्पांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने की। कार्यक्रम में जिले भर के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।
शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस की प्रतीक थीं। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपने प्राणों तक की आहुति दे दी। कमल दिवान ने कहा कि हरित क्रांति, बैंकों के राष्ट्रीयकरण और 1971 के युद्ध में उनके निर्णायक नेतृत्व ने भारत को विश्व पटल पर एक मजबूत शक्ति के रूप में स्थापित किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इंदिरा गांधी के सिद्धांतों और जनसेवा के दिखाए मार्ग पर चलते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करें।
कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और युवा नेताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। महिला जिला अध्यक्ष (शहरी) पायल मलिक और महिला जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) प्रमिला मलिक ने कहा कि इंदिरा गांधी आज भी देश की करोड़ों महिलाओं के लिए सशक्तिकरण की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। वहीं, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष रागी ने युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की।
इस अवसर पर संगठन के अनेक वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनमें ब्लॉक अध्यक्ष (एमसी-1) दीपक चावला, ब्लॉक अध्यक्ष (एमसी-2) विजेंद्र मलिक, कोषाध्यक्ष नीटू दहिया, महासचिव दयानंद वाल्मीकि, महासचिव बिन्नी भारद्वाज, सचिव सीमा वर्मा, सचिव हरिओम सरोहा, सचिव कुलदीप देशवाल और सचिव रविंद्र मलिक शामिल रहे। इनके साथ ही वरिष्ठ नेता सतपाल चौहान, भरत नांदल, भलेराम जांगड़ा, ऋतुराज, रणदीप दहिया, यशपाल, पवन मेहरा, सिकंदर दहिया, देवेंद्र मलिक और प्रवीण पांचाल ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की प्रगति और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।




