लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता न्युज एजेसी
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका निष्पक्ष समाधान किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




