लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता)आज रिजर्व पुलिस लाइन हरदोई में यातायात माह नवंबर का शुभारंभ जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित आमजनमानस को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं यातायात संकेतों के संबंध में जानकारी देते हुए सड़क पर सुरक्षित चलने हेतुं यातायात नियमों के महत्व के विषय मे बताया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) योजना के संबंध में भी लोगों को जागरूक करते हुये बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नेक मददगार को पुरस्कृत किये जाने की योजना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आएं तथा उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें, क्योंकि किसी की जान बचाना सबसे बड़ा मानवता का कार्य है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहर में भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर मजिस्टेªट, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी, यातायात निरीक्षक सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।




