लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। किसानों को धान बिक्री में किसी प्रकार की परेशानी न हो और शासन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत पारदर्शी खरीद सुनिश्चित की जा सके, इसके लिए खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने शनिवार को सण्डीला मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद व्यवस्था का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने क्रय केंद्र पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, धान की तौल, गुणवत्ता परीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव तथा खरीद प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि धान खरीद में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए तथा खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसानों को शासन की निर्धारित व्यवस्था का लाभ मिले और उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
प्रमुख सचिव ने क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने तथा खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी सण्डीला नारायणी भाटिया, जिला खाद्य विपणन अधिकारी निहारिका सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




