लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
बालामऊ (हरदोई): बालामऊ-कछौना क्षेत्र को नवीन तहसील बनाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य अशोक अग्रवाल ने क्षेत्र की इस प्रमुख जनभावना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। इस पहल के बाद स्थानीय नागरिकों, किसानों और व्यापारियों में विकास की एक नई उम्मीद जागी है।
लंबे समय से बालामऊ और कछौना के निवासी इस क्षेत्र को तहसील का दर्जा दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। वर्तमान में स्थानीय लोगों, बुजुर्गों और किसानों को अपने छोटे-छोटे प्रशासनिक व राजस्व कार्यों के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती है। बालामऊ केवल एक रेलवे जंक्शन नहीं, बल्कि इस पूरे इलाके की व्यापारिक और सामाजिक पहचान का केंद्र है। ऐसे में यहां तहसील की स्थापना से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी। विधान परिषद सदस्य अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से पक्ष रखने पर स्थानीय जनता ने खुशी जाहिर की है। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधि द्वारा जनता की इस बेहद जरूरी और पुरानी मांग को प्रदेश के सर्वोच्च स्तर पर उठाना सराहनीय कदम है। इस प्रयास से इलाके के विकास को एक नई दिशा मिलने की आस जगी है। हालांकि तहसील निर्माण पर अंतिम फैसला शासन स्तर से होना बाकी है, लेकिन इस पत्र के बाद बालामऊ को नई पहचान मिलने की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
बालामऊ को तहसील बनाने की उठी मांग, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

- Advertisement -



