कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.), क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर द्वारा सदस्यों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के अंतर्गत एक पूर्व कर्मचारी की पेंशन संबंधी समस्या का सफलतापूर्वक समाधान किया गया।
श्री दिनेश कुमार सिंह, जो मेसर्स लाल पैलेस, कानपुर के पूर्व कर्मचारी हैं, को अपनी पेंशन संबंधी पात्रता का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक पेंशन प्रपत्र के नियोक्ता द्वारा सत्यापन एवं अग्रसारण न किए जाने के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान हेतु उन्होंने ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर से संपर्क किया।
प्रकरण में क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर के अधिकारियों द्वारा त्वरित हस्तक्षेप किया गया। विशेष रूप से श्री संतोष गुप्ता, लेखा अधिकारी के प्रयासों से संबंधित नियोक्ता द्वारा पेंशन प्रपत्र का सत्यापन कर उसे विधिवत क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर को अग्रसारित किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत श्री दिनेश कुमार सिंह की पेंशन स्वीकृत हुई तथा उसका भुगतान भी सुनिश्चित किया गया।
इस सहायता के लिए श्री दिनेश कुमार सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कार्यालय के अधिकारियों के सहयोग एवं त्वरित कार्रवाई से उन्हें अपनी पेंशन का लाभ प्राप्त हो सका।
ईपीएफओ, क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर सदस्यों एवं पेंशनभोगियों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण तथा उन्हें उनके पात्र सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का निरंतर प्रयास है कि पात्र सदस्यों को पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर की त्वरित पहल से पूर्व कर्मचारी की पेंशन हुई स्वीकृत एवं वितरित

- Advertisement -



