लक्ष्मीकान्त पाठक
*कछौना, हरदोई।*वेबवार्ता मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, विकासखंड कछौना की छात्राओं ने बैंक ऑफ इंडिया का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को बैंकिंग सेवाओं की व्यावहारिक समझ देना और उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक बनाना था। बैंक भ्रमण के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने बैंक की दैनिक कार्यप्रणाली को बेहद करीब से देखा और समझा। बैंक कर्मियों ने छात्राओं को पासबुक प्रविष्टि (एंट्री), चेकबुक का उपयोग, डिजिटल बैंकिंग के विभिन्न माध्यमों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दीं। यह शैक्षणिक भ्रमण वार्डन श्रीमती पूनम अवस्थी एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बैंक शाखा में छात्राओं को बैंकिंग सेवाओं को समझाने में बैंक कर्मी प्रसून वर्मा और स्वप्निल रावत ने विशेष सहयोग दिया। कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को वित्तीय रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में प्रशासन और बैंक ऑफ इंडिया की इस अनूठी पहल को क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने बेहद सराहनीय एवं प्रेरणादायी बताया है।
बेटियों ने जाना बैंकिंग का व्यावहारिक संसार, डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय सुरक्षा के सीखे गुर

- Advertisement -



