लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। बेनीगंज थाना क्षेत्र में साधु की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान बबलू पुत्र सियाराम निवासी जियनखेड़ा, मजरा काकपुर, थाना बेनीगंज के रूप में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, उसकी हत्या कुल्हाड़ी और ईंट से वार करके की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को बेनीगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सैर बहादुरपुर-कोथावां-अतरौली मुख्य मार्ग पर सैर बहादुरपुर निवासी यादवेंद्र सिंह की दुकानों के बरामदे में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मृतक की पहचान साधु बबलू के रूप में हुई।
पुलिस ने इस मामले में मुन्नी उर्फ मुंशी लाल पुत्र मनोहर निवासी पाही उगपुर, थाना बेनीगंज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार, 12 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विजयंत मिश्रा, हेड कांस्टेबल रामबरन यादव और हेड कांस्टेबल हर्षेंद्र बहादुर सिंह शामिल रहे।
बेनीगंज में साधु की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और ईंट से वार कर ली थी जान

- Advertisement -



