शाहजहाँपुर (जलालाबाद): बुधवार रात अचानक बदले मौसम ने जलालाबाद क्षेत्र के ग्राम सनखड़ा में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के साथ हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। गांव के लगभग 20 किसानों की तैयार खड़ी 200 बीघा से अधिक धान की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। फसल को 80 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों के चेहरे पर मायूसी और चिंता की लकीरें गहरा गई हैं।
आजीविका पर आए इस संकट को देखते हुए पीड़ित किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पहुंचा। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नुकसान का पारदर्शी सर्वे कराने और उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से शिवशरण, रवि शरण, सत्य शरण, यादवेंद्र, मानवेंद्र और राघवेंद्र सहित अन्य किसान मौजूद रहे। किसानों का कहना है कि अगर समय पर आर्थिक सहायता नहीं मिली, तो उनके सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। वहीं उप जिला अधिकारी मधुसूदन गुप्ता ने बताया कि संबंधित लेखपाल को सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है.




