लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। गुम हुआ मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे मंगलवार को उस समय खिल उठे, जब हरदोई पुलिस ने सर्विलांस सेल और सीईआईआर पोर्टल की मदद से बरामद किए गए 220 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सर्विलांस सेल ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर तकनीकी माध्यम से कार्रवाई शुरू की।
पुलिस की लगातार निगरानी और तकनीकी प्रयासों के परिणामस्वरूप पिछले तीन माह में 220 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है।
6 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी द्वारा सर्विलांस सेल की ओर से बरामद किए गए सभी 220 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
पुलिस के अनुसार, गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में सर्विलांस सेल और सीईआईआर पोर्टल की भूमिका महत्वपूर्ण रही। तकनीकी सूचनाओं के आधार पर मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल गुम मोबाइल फोन के स्वामियों को राहत मिली, बल्कि यह भी स्पष्ट हुआ कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में पुलिस को सूचना देकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने पर उसकी बरामदगी के लिए तकनीकी स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
हरदोई में पुलिस की बड़ी कामयाबी: 220 गुम मोबाइल बरामद, 40 लाख के फोन स्वामियों को लौटाए

- Advertisement -



