लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। जिला जज रीता कौशिक, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अस्पताल सहित विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया।

जिला जज ने कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं, उपचार एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। इसके बाद अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों में साफ-सफाई, पेयजल, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से उनकी समस्याओं तथा कारागार में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में सीधे जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को बंदियों की समस्याओं के नियमानुसार समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कारागार परिसर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने देने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवनाथ पाण्डेय, जेल अधीक्षक अमन प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




