विद्यालयी वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, बीमा और चालकों के लाइसेंस की होगी जांच, उल्लंघन पर कार्रवाई
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने विद्यालयी वाहनों की व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यालय यान समिति की बैठक हुई, जिसमें जनपद में संचालित विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी विद्यालयी वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयी वाहनों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को भी निर्देशित किया कि विद्यालयी वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, बीमा और चालक के लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक अभिलेखों की समय-समय पर जांच कराई जाए। बच्चों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने कहा कि विद्यालयी वाहनों के संचालन में मोटर व्हीकल एक्ट के सभी प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। विद्यालय परिवहन सुरक्षा समितियों का गठन कर उन्हें प्रभावी ढंग से क्रियाशील किया जाए, ताकि वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 10 दिवस के भीतर समस्त प्रक्रियाएं पूर्ण करने तथा विद्यालयी वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई शुरू की जाए।
उन्होंने परिवहन, पुलिस, शिक्षा और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय जाने वाले बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




