डबलिन, 29 सितंबर (वेब वार्ता)। आयरलैंड ने तत्काल प्रभाव से एड जॉयस को हाई परफॉर्मेंस बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। वह सीनियर पुरुष टीम को कोचिंग देने के साथ-साथ पुरुष टैलेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम से भी जुड़े रहेंगे।
जॉयस, जिन्होंने आयरलैंड और इंग्लैंड दोनों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला, 2018 में खिलाड़ी तौर पर संन्यास लिया था। इसके तुरंत बाद, वे आयरलैंड की महिला टीम के मुख्य कोच बने। वे लगभग छह साल तक इस भूमिका में रहे और अप्रैल 2025 में इस्तीफा दे दिया।
इसके बाद उन्होंने काउंटी क्रिकेट में ग्लूस्टरशायर और इटीपीएल में डबलिन गार्डियंस के लिए बल्लेबाजी कोच के तौर पर काम किया, साथ ही ब्रॉडकास्टर के तौर पर भी काम किया।
जॉयस ने एक बयान में कहा, “खेल से संन्यास लेने के बाद, आयरिश क्रिकेट से जुड़े रहना मेरे लिए बहुत ज़रूरी था। जब मैं हाल के वर्षों में आयरलैंड की पुरुष टीम को देखता हूं, तो यह साफ दिखता है कि हमारे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए पर्दे के पीछे कितनी कड़ी मेहनत की गई है। मैं इस काम में शामिल होने और शायद बल्लेबाजी ग्रुप को आगे बढ़ाने के लिए कुछ नई सोच और जानकारी देने के लिए उत्सुक हूं। प्रतिभा तो है ही, अब मकसद निरंतरता लाना है।”
जॉयस पुरुष टीम के मुख्य कोच गैरी विल्सन और हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट के साथ मिलकर काम करेंगे। सीनियर टीम का पिछला मुकाबला अगस्त में घर पर अफगानिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज थी, जिसे वे 4-0 से हार गए थे। उनका अगला बड़ा असाइनमेंट 2027 वनडे विश्वकप क्वालिफायर है, जो 22 फरवरी से 23 मार्च तक खेला जाएगा।




