शिलांग, 14 नवंबर (वेब वार्ता)। शिलांग लाजोंग एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) के मुकाबले में श्रीनिधि डेक्कन एफसी को 2-1 से शिकस्त दी।
घरेलू मैदान पर खेल रही शिलांग की टीम ने मुकाबले में दमदार खेल दिखाया और आखिरी क्षणों में गोल दागकर जीत अपने नाम की।
मेजबान टीम ने 51वें मिनट में जोएडसन डॉस सैंटोस के गोल की बदौलत बढ़त हासिल की। इसके बाद 72वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी निकोलस मोरिनिगो ने गोल कर श्रीनिधि डेक्कन को 1-1 की बराबरी दिला दी। हालांकि शिलांग लाजोंग ने हार नहीं मानी और 84वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी ट्रेमिकी लामुरोंग ने शानदार गोल दागकर टीम को फिर से बढ़त दिला दी, जो अंत तक कायम रही।
इस जीत के साथ शिलांग लाजोंग तीन मैच में सात अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
वहीं श्रीनिधि डेक्कन तीन मैच में चार अंक के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। जोएडसन डॉस सैंटोस को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।




