लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सोमवार को तहसील सवायजपुर एवं बिलग्राम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनता इंटर कॉलेज तेरा परसौली स्थित बाढ़ चौकी तथा थाना अरवल क्षेत्र के कुसुमखोर पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जलस्तर, बाढ़ की वर्तमान स्थिति, आवागमन तथा राहत एवं बचाव की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार पात्र प्रभावित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा प्रभावित लोगों की अन्य आवश्यक जरूरतों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर उसकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि पात्र लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




