राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में सिस्टम फेल! तीन महीने से पानी...

हरदोई में सिस्टम फेल! तीन महीने से पानी में डूबा वैष्णो नगर, ट्रैक्टर पर पहुंचे सपा नेता

जलभराव से बेहाल लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर लगाए अनदेखी के आरोप, बोले- वोट लेने आते हैं, बाद में कोई सुध नहीं लेता
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। शहर के वैष्णो नगर मोहल्ले में लंबे समय से जारी जलभराव अब स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब तीन महीने से मोहल्ले में कमर तक पानी भरा हुआ है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल है और पूरा इलाका जलभराव तथा गंदगी की समस्या से जूझ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में परेशानी हो रही है, जबकि बच्चों की स्कूल जाने की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। मोहल्लेवासियों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
मीडिया के कैमरों के सामने मोहल्ले के लोगों ने अपना आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता उनके बीच पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव के बाद लंबे समय तक उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
ट्रैक्टर से जलमग्न इलाके में पहुंचे रामज्ञान गुप्ता
इसी बीच समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता मंगलवार को ट्रैक्टर पर सवार होकर वैष्णो नगर पहुंचे। जलमग्न रास्तों से होते हुए उन्होंने मोहल्ले में लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
रामज्ञान गुप्ता के अनुसार, वह पहले भी मोहल्ले में जलभराव की समस्या को लेकर सक्रिय रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उनके द्वारा दो बार पानी निकलवाने और गंदगी साफ कराने का प्रयास किया गया। मोहल्ले के लोगों ने भी उनके द्वारा किए गए इन प्रयासों का उल्लेख करते हुए अपनी समस्याएं साझा कीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि जलभराव के बीच सपा नेता के उनके बीच पहुंचने से उन्हें अपनी समस्या अधिकारियों तक पहुंचने की उम्मीद जगी है। कुछ स्थानीय निवासियों ने बातचीत के दौरान आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की बात भी कही।
जिलाधिकारी को फोन कर समस्या बताने का प्रयास
मोहल्ले का जायजा लेने के दौरान रामज्ञान गुप्ता ने मौके से ही जिलाधिकारी को फोन मिलाकर जलभराव की समस्या से अवगत कराने का प्रयास किया। फोन जिलाधिकारी के अर्दली ने उठाया। गुप्ता के अनुसार, अर्दली की ओर से समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन महीने से जलभराव झेल रहे मोहल्ले को अब आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की जरूरत है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल पानी निकलवाने, सफाई कराने और भविष्य में जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था किए जाने की मांग की।
इस दौरान धर्मेंद्र यादव दीपू, रामू यादव, रणबीर बहादुर राजवंशी, आशुतोष यादव, विकास, श्याम गुप्ता, सच्चिदानंद त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी, शुभम गुप्ता, सोनू गुप्ता आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -