#ब्राह्मण परिवारों की सूची तैयार करने, युवाओं को रोजगार से जोडऩे और गुरुकुल संस्कृति के पुनर्निर्माण पर जोर#
ललितपुर,(आलोक चतुर्वेदी) ब्राह्मण समाज की प्रथम बैठकी का आयोजन रविवार शाम प्राचीन श्रीश्री हनुमान धारा मंदिर, बीटीसी कॉलेज के सामने घुसयाना में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य श्रीश्री आदित्य शरणजी महाराज के सानिध्य में बटुक ब्राह्मणों के साथ भगवान परशुराम के विधिवत पूजन से हुआ। इसके बाद उपस्थित समाजबंधुओं का परिचय हुआ और ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में उचित नेतृत्व एवं संगठनात्मक कमी, ब्राह्मण परिवारों के बीच आपसी परिचय का अभाव, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी तथा विवाह योग्य युवकों की बढ़ती संख्या जैसी समस्याओं पर सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। वक्ताओं ने सामाजिक एकता को मजबूत करने और समाज के जरूरतमंद परिवारों की स्थिति की जानकारी जुटाकर उनके सहयोग की दिशा में काम करने पर जोर दिया। विवेक व्यास ने कहा कि ललितपुर शहर और जनपद में कितने ब्राह्मण परिवार निवास करते हैं, इसकी कोई व्यवस्थित सूची समाज के पास उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को एकजुट होकर ऐसा प्रयास करना चाहिए, जिससे प्रत्येक गांव में ब्राह्मण परिवारों की संख्या और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति की जानकारी सामने आ सके। उन्होंने जल्द ही श्री हनुमान धारा संस्कृत विद्यालय को 11 हजार रुपये की पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की। रामनरेश दुबे ने ग्रामीण क्षेत्रों में ब्राह्मण समाज की स्थिति तथा वर्तमान परिवेश में संस्कृति के सामने उत्पन्न चुनौतियों पर विस्तार से अपने विचार रखे। आशीष तिवारी ने कहा कि विभिन्न मुद्दों पर ब्राह्मण समाज के बंटे होने के कारण सामूहिक रूप से अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने में कठिनाई आती है। उन्होंने गौ रक्षा, मंदिरों के पुरोहितों को वेतन तथा गुरुकुल संस्कृति के पुनर्निर्माण जैसे विषयों पर संगठित होकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की आवश्यकता बताई। अनुराग चतुर्वेदी ने मंदिर में मौजूद बटुक विद्यार्थियों को भोजन कराया तथा श्राद्ध पक्ष के अवसर पर तर्पण एवं दान आदि किया। उन्होंने सामाजिक गतिविधियों और इस प्रकार के आयोजनों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। अभिषेक तिवारी ने ब्राह्मण समाज की इस सामाजिक परंपरा को ललितपुर के संदर्भ में स्वागत योग्य पहल बताया। उन्होंने कहा कि मासिक बैठकी को नियमित एवं मजबूत बनाने के साथ अधिक से अधिक समाजबंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किए जाने की बात कही गई। बैठक के आयोजक नवेन्दु अग्निहोत्री चीनू रहे। कार्यक्रम में समाज की समस्याओं पर चर्चा के साथ भविष्य में बैठकी को नियमित रूप से आयोजित करने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर प्रशांत गोस्वामी, अखिलेश गोस्वामी,विवेक व्यास, आलोक चतुर्वेदी, अभिषेक तिवारी, रामनरेश दुबे, हरिहर नारायण चौबे, नीतेश पाठक, दिव्यांश, वीरेंद्र शर्मा, रोहित चौबे, मनोज शुक्ला, प्रदीप गंगले, भरत तिवारी, विश्वनाथ सढ़ैया, विशाल पटैरिया, शिवम अग्निहोत्री, सुनील नगाइच, भानू चौबे सहित बड़ी संख्या में समाज के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
#ब्राह्मण समाज की पहली बैठकी में सामाजिक एकता और संगठन पर हुआ मंथन#

- Advertisement -



