#20 पेशेवर जमानतदारों के खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज, 241 आरोपियों को दिलाई गई अवैध जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय से पत्राचार
अवैध जमानत से अर्जित संपत्ति पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी शुरू#
ललितपुर,(आलोक चतुर्वेदी) फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों को जमानत दिलाने वाले पेशेवर जमानतदारों के खिलाफ ललितपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत ऐसे 20 पेशेवर जमानतदारों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कुल 08 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, ये जमानतदार कूटरचित/फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अभियुक्तों की जमानत कराने का काम करते थे। जांच के दौरान सामने आया कि इन 20 जमानतदारों के माध्यम से कुल 241 अभियुक्तों की अवैध जमानत कराई गई।
मामले में थाना जखौरा, कोतवाली ललितपुर और जखौरा में कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक थाना जखलौन में दो, कोतवाली ललितपुर में पांच तथा थाना जखौरा में एक अभियोग पंजीकृत किया गया है।
241 जमानतों की होगी जांच
पुलिस ने अवैध तरीके से कराई गई इन जमानतों को निरस्त कराने के लिए माननीय न्यायालय से आवश्यक पत्राचार किया है। इससे संबंधित मामलों में अब न्यायिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस ने इन पेशेवर जमानतदारों द्वारा अवैध जमानत के माध्यम से अर्जित की गई संपत्ति को भी जांच के दायरे में लिया है। ऐसी संपत्तियों के संबंध में गैंगस्टर एक्ट के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमानत कराने वाले पेशेवर जमानतदारों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई का संदेश गया है।
#फर्जी दस्तावेजों से जमानत का खेल करने वालों पर एसपी संजीव कुमार बाजपेई का शिकंजा#
- Advertisement -



