सीडीओ ने टीएलएम सामग्री लेकर जा रहे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
, लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। जिले के 150 चयनित प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए सीखने और अभ्यास को आसान एवं रोचक बनाने की पहल शुरू की गई है। एजुकेट गर्ल्स फाउण्डेशन की ओर से चयनित विद्यालयों को शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के तहत प्रत्येक विद्यालय में एक ‘ज्ञान का पिटारा’ बॉक्स उपलब्ध कराया जा रहा है। सोमवार को विकास भवन परिसर से टीएलएम सामग्री लेकर जा रहे दो वाहनों को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
फाउण्डेशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी मानवेन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रत्येक ‘ज्ञान का पिटारा’ बॉक्स में हिन्दी, अंग्रेजी और गणित विषयों की कुल 180 वर्कबुक उपलब्ध कराई गई हैं। इन वर्कबुक के माध्यम से बच्चे नियमित अभ्यास करेंगे। अभ्यास आधारित गतिविधियों के जरिए बच्चों को विषयों को रुचिपूर्वक समझने, सीखी गई बातों को व्यवहार में प्रयोग करने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि टीएलएम सामग्री को प्रभावी ढंग से बच्चों तक पहुंचाने के साथ ही शिक्षकों को इसके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। चयनित विद्यालयों के दो-दो शिक्षकों तथा प्रत्येक विकास खंड के नोडल एआरपी को शहर स्थित स्टेटस क्लब एवं अवस्थी लॉन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को टीएलएम और वर्कबुक का प्रभावी उपयोग करने की जानकारी दी जा रही है। साथ ही बच्चों की रुचि और प्रतिभा को पहचानने तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के लिए अभ्यास आधारित शिक्षण पद्धतियों पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर सिंह तथा एजुकेट गर्ल्स फाउण्डेशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी मानवेन्द्र मिश्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




