स्विफ्ट कार सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोकी कार, शीशा तोड़कर चांदी से भरा बैग लेकर फरार
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े सर्राफा व्यवसायी से चांदी से भरा बैग लूटे जाने की घटना से हड़कंप मच गया। शाहजहांपुर निवासी सर्राफा व्यवसायी हृदयराम सोनी अपने चालक के साथ वैगनआर कार से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट कार सवार चार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा करीब पांच किलोग्राम चांदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 27 सितंबर को सूचना मिली कि हृदयराम सोनी शाहजहांपुर से अपने चालक के साथ वैगनआर कार से लखनऊ जा रहे थे। शाहाबाद थाना क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट कार सवार चार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा चांदी से भरा बैग छीनकर आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शाहाबाद में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही स्विफ्ट कार और आरोपियों की पहचान के लिए भी पुलिस स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस टीमें विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं और मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।




