लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। नवागत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर विभिन्न पटलों एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों की प्रगति, लंबित पत्रावलियों तथा अभिलेखों की स्थिति की जानकारी ली और कार्यों में समयबद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संयुक्त कार्यालय, नजारत अनुभाग, संग्रह अनुभाग, भूलेख अनुभाग, जिला निर्वाचन कार्यालय, अभिलेखागार, जनसुनवाई/आईजीआरएस कार्यालय, शस्त्र अनुभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय सहित अन्य पटलों एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पटल सहायकों से उनके पटल पर किए जा रहे कार्यों तथा लंबित पत्रावलियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी अभिलेखों और पत्रावलियों को व्यवस्थित ढंग से रखने के साथ उनकी सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा।
डीएम ने सभी पटलों पर पटल सहायक के नाम एवं पदनाम की पट्टिका अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को संबंधित कर्मचारी की आसानी से पहचान हो सके।

उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर और सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों एवं आमजन के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने पटल से संबंधित कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें। साथ ही शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




