राज्यउत्तर प्रदेशआजादी के क्रांतिकारी जयदेव कपूर की पुण्यतिथि पर...

आजादी के क्रांतिकारी जयदेव कपूर की पुण्यतिथि पर हरदोई में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई, 19 सितंबर 2026। हरदोई की धरती से जुड़े आजादी के क्रांतिकारी जयदेव कपूर की पुण्यतिथि के अवसर पर आज रेडियो जागो 90.4 एफएम स्टूडियो, जिन्दपीर चौराहा, रेलवे गंज, हरदोई में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में जयदेव कपूर के योगदान और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री संजय कपूर, पुत्र श्री जयदेव कपूर एव पौत्र मयूर कपूर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने पिता के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन के दौर के संघर्षों तथा उनके व्यक्तित्व से जुड़े संस्मरण साझा किए। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय जयदेव कपूर के संघर्ष को स्मरण करते हुए बताया कि काला पानी की सजा के दौरान सश्रम कारावास के साथ प्रतिदिन नाश्ते में उन्हें ३० कोड़े खाने की सजा दी जाती थी आज भी वहाँ लगे प्रतीक चिह्न में स्वर्गीय जयदेव कपूर का नाम सबसे पहले नम्बर पर लिखा हुआ है। उन्होंने कहा कि आजादी के क्रांतिकारियों के संघर्ष और त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, ताकि युवा स्वतंत्रता प्राप्ति के इतिहास और उसके पीछे किए गए संघर्षों को समझ सकें।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि जयदेव कपूर का नाम क्रांतिकारी भगत सिंह के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारियों में लिया जाता है। उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय दिल्ली की केंद्रीय विधानसभा की घटना से जुड़ा रहा, जहां अंग्रेजी शासन के ट्रेड डिस्प्यूट बिल और पब्लिक सेफ्टी बिल के विरोध में क्रांतिकारी गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जयदेव कपूर के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने उनके संघर्ष, साहस और देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पण को रेखांकित किया। उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अंडमान निकोबार की सेल्युलर जेल में भी बीता, जहां अंग्रेजी शासन की कठोर परिस्थितियों के बीच उन्होंने लंबे समय तक कारावास झेला। कार्यक्रम में उनके जेल जीवन और वहां झेली गई कठिनाइयों का भी स्मरण किया गया।

वक्ताओं ने काकोरी कांड से जुड़े क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल को जेल से छुड़ाने के प्रयासों, दिल्ली विधानसभा बम प्रकरण तथा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े अन्य प्रसंगों में जयदेव कपूर की भूमिका का उल्लेख किया। साथ ही, उनके जीवन के उस पक्ष पर भी प्रकाश डाला गया जिसमें उन्होंने सहारनपुर में बम बनाने की फैक्ट्री संचालित करने जैसे क्रांतिकारी गतिविधियों से जुड़े कार्यों में भाग लिया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि जयदेव कपूर ने युवावस्था में छोटे महाराज और ठाकुर राम सिंह के मार्गदर्शन में कुश्ती का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उनके व्यक्तित्व में शारीरिक दृढ़ता, अनुशासन, साहस और देश के प्रति समर्पण का विशेष महत्व रहा।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज और युवा पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। हरदोई के ऐसे आजादी के क्रांतिकारियों के जीवन और योगदान को सामने लाना आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान जयपुर, कोलकाता और यूरोप के लॉस एंजिल्स में आयोजित फ़िल्म फेस्टिवल में आधिकारिक प्रवेश कर चुके वीडियो एल्बम “जयदेव कपूर”की वर्ल्ड वाइड रिलीज भी यूट्यूब पर किया गया। स्वर्गीय जयदेव कपूर के पुत्र संजय कपूर ने यूट्यूब पर प्ले बटन दबाकर इस एल्बम को रिलीज किया। रिलीज हुए एल्बम की जानकारी देते हुए जी म्यूजिक हरदोई के को प्रोड्यूसर अमन सिंह ने बताया की इस एल्बम के माध्यम से जयदेव कपूर के जीवन और आजादी में उनके संघर्ष और योगदान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। जी म्यूजिक हरदोई हमेशा हरदोई के पौराणिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए समर्पित है और इसकी झलक जी म्यूजिक हरदोई के पूर्व एल्बम और आगामी एल्बम में साफ़ झलकती है जिनमें हरदोई जनपद को भक्त प्रहलाद नगरी के रूप में स्थापित किए जाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने हरदोई के सभी लोगो से अनुरोध किया है की यूट्यूब पर “जयदेव कपूर फ्रीडम फाइटर” सर्च करके इस वीडियो को अवश्य देखे एव और लोगो को देखने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से बताया गया कि रेडियो जागो 90.4 एफएम और जी म्यूजिक हरदोई टीम द्वारा इस आयोजन का उद्देश्य हरदोई की धरती से जुड़े आजादी के क्रांतिकारी जयदेव कपूर के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। रेडियो जागो एफएम कार्यालय में स्वर्गीय जयदेव कपूर के तमाम चित्र व दस्तावेज सरंक्षित है।

कार्यक्रम में अभय शंकर गौड़ (वरिष्ठ अधिवक्ता), पतंजलि योगपीठ महिला प्रमुख विनीता पांडेय एवं जी म्यूजिक हरदोई टीम के डॉ गौरव अग्रवाल, अमन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने जयदेव कपूर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन और देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष को स्मरण किया।

आजादी के क्रांतिकारी जयदेव कपूर को शत-शत नमन

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और उसमें योगदान देने वाले क्रांतिकारियों की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रखा जाएगा। आयोजन ने हरदोई के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े गौरवशाली अध्याय को एक बार फिर जनस्मृति में जीवंत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -