रोहतक, 16 सितंबर (वेब वार्ता)। जिले के गांव निडाना में पैसों के विवाद को लेकर 45 वर्षीय मंदीप की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात मंगलवार शाम करीब छह बजे समर गोपालपुर नहर के पास खेतों में हुई। मृतक के भाई कुलदीप की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने गांव के ही दो सगे भाइयों लक्ष्य और हनी सहित तीन-चार अन्य युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नहरी पानी लगाने खेत में गया था किसान
मृतक के भाई कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम वह अपने भाई मंदीप के साथ सामड़ वाले खेत में नहरी पानी लगाने गया था। मंदीप ने अपनी मोटरसाइकिल खेत में बने कोठे के पास रास्ते पर खड़ी की थी। इसी दौरान कुलदीप खेत के दूसरे हिस्से में चक्कर लगाने चला गया।
कुलदीप के अनुसार, इसी बीच गांव निवासी विक्रम के दो बेटे लक्ष्य और हनी काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके चार अन्य साथी पहले से ही खेत में घात लगाकर बैठे हुए थे।
पैसों की पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पैसों के पुराने विवाद को लेकर मंदीप के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सभी ने लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की आवाज सुनकर कुलदीप मौके पर पहुंचा, तो मंदीप गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा था।
कुलदीप को अपनी ओर आता देखकर सभी छह आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों के पास हमले में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी थे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
कुलदीप गंभीर रूप से घायल मंदीप को उपचार के लिए रोहतक स्थित पोजीट्रोन अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मंदीप को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर लक्ष्य, हनी और उनके तीन-चार अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 190 और 191(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में हमले के कारणों, घटनाक्रम और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।




