लक्ष्मीकान्त पाठक वेबवार्ता
हरदोई। राजकीय पॉलिटेक्निक, हरदोई में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ किया। कैंटीन का संचालन विकासखंड बावन की ग्राम पंचायत तत्यौरा द्वारा पतंजलि महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जाएगा।
प्रेरणा कैंटीन से राजकीय पॉलिटेक्निक में अध्ययनरत 73 छात्र एवं 17 छात्राओं समेत कुल 90 विद्यार्थियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। कैंटीन के संचालन से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कैंटीन में स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगारपरक गतिविधियों का संचालन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे प्रयास ‘समूह से समृद्धि की ओर’ की अवधारणा को धरातल पर उतारने में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय, राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्य कविता त्रिपाठी, वार्डन अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित संस्थान का स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




